पन्ना प्रमुखों के सम्मेलन में गरजे ओपी धनखड़, 2024 में तीसरी बार भी भाजपा सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे पन्ना प्रमुख

Lok Sabha Election 2024: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि 2024 में देश और प्रदेश में तीसरी बार भी भाजपा सरकार बनाने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका पन्ना प्रमुखों को निभानी है। उन्होंने कहा कि भाजपा पन्ना प्रमुखों के दम पर तीसरी बार सरकार बनाएगी। मोदी विरोध में एक मंच पर आने की कोशिश में लगे विपक्षी पार्टियों के नेताओं पर वार करते हुए धनखड़ ने कहा कि विपक्ष अपने षड़यंत्र में कभी कामयाब नही होगा। देश में तीसरी बार भी मोदी सरकार पूर्ण बहुमत से आएगी।

ओमप्रकाश धनखड़ तोशाम में पन्ना प्रमुखों के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस मौके पर जमकर कांग्रेस पर भी वार किए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पहले जब कांग्रेसी विदेश में जाते थे तब भारतीय नेताओं जूते उतारकर तलाशी ली जाती थी और आज विदेश के राष्ट्राध्यक्ष पीएम मोदी के पैर छूते हैं और गले मिलते हैं, यह बदलता हुआ भारत है। श्री धनखड़ ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व का ही करिश्मा था कि रूस व यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को बीच में रुकवाकर देश के छात्रों को सकुशल भारत लाया गया। उन्होंने कहा आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार विकास के पथ पर बढ़ रहा है। भाजपा अध्यक्ष ने कश्मीर से धारा 370 हटाने, सर्जिकल स्ट्राइक सहित विभिन्न मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा जो कहती है वह करती है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा की कोरोना काल में हमारे देश में तैयार वैक्सीन विदेशों में भेजी गई और कोरोना से बचाया।
धनखड़ ने कहा कि सभी पन्ना प्रमुखों का पार्टी के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान है। पार्टी हमेशा से ही अपने पन्ना प्रमुख के बलबूते सफल रही है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सभी कार्यकर्ता अपने बूथ की समस्याओं का समाधान करवाने का कार्य करें। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पन्ना प्रमुख लोगों को सरकारी योजनाओं से अवगत कराएं। यहां

कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि प्रदेश का कृषि बजट 2014-15 में 816 करोड़ था, वहीं अब वर्ष 23-24 करीब पांच गुणा बढ़ोतरी कर 3900 करोड़ रुपए कर दिया गया है। किसानों की फसल का 72 घंटे में भुगतान किया जा रहा है, भुगतान में देरी होने पर 9 प्रतिशत ब्याज दिया जा रहा है। बाजरा भांवातर भरपाई योजना के तहत भी वर्ष 2021-22 में 437 करोड़ और 22-23 में 390 करोड़ किसानों के खातों में डाले गए। कृषि मंत्री श्री दलाल ने कहा कि फसल बीमा योजना के तहत 2005 से 2014 तक 6384 करोड़ रुपए किसानों के खातों में डाले गए।

ये भी पढ़ें: चंडीगढ़ में आज से बैन हो गया यह 1 चीज, पहले जान लीजिए वरना होगी सख्त कार्रवाई

तोशाम की अनाज मंडी में हुए इस पन्ना प्रमुख सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष का जबरदस्त स्वागत किया गया। कृषि एवं पशुपालन मंत्री जेपी दलाल, सांसद धर्मबीर सिंह, युवा आयोग हरियाणा के चेयरमैन मुकेश गौड़, जिला परिषद चेयरपर्सन अनिता मलिक , कार्यक्रम आयोजक पूर्व विधायक शशिरंजन परमार ने भी पन्ना प्रमुख सम्मेलन को संबोधित किया।

बवानी खेड़ा पन्ना प्रमुख सम्मेलन में बोले ओमप्रकाश धनखड़-कांग्रेस के लंबे शासनकाल से अधिक विकास कार्य मोदी सरकार के 9 वर्ष में हुए

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस के लंबे शासनकाल पर भाजपा का 9 वर्ष का कार्यकाल भारी पड़ा है। इस समय अवधि के दौरान भारत देश की शाख विश्व भर में बढ़ी है। पहले जो देश हमारे प्रधानमंत्री को वीजा तक नहीं देते थे, वो आज नरेंद्र मोदी का अपने देश में स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा हर स्तर पर मजबूत है, फिर चाहे दमदार नेताओं की बात करें या फिर बेदाग छवि की। वे शुक्रवार को जिला के बवानी खेड़ा के गांव तिगड़ाना में आयोजित पन्ना प्रमुख सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बवानीखेड़ा से विधायक विशंबर वाल्मिकी ने की।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि पन्ना प्रमुख सम्मेलन पार्टी के लिए गर्व की बात है। पन्ना प्रमुख ही पार्टी को जनसाधारण से जोड़ने का एक प्रमुख माध्यम है। पन्ना प्रमुख को ताकतवर बनाकर किसी भी संगठन को ताकतवर बनाया जा सकता है। इसलिए पन्ना प्रमुख का पार्टी में पूरा सम्मान होना चाहिए। धनखड़ ने कहा कि आज भाजपा विश्व का सबसे बड़ा संगठन और पार्टी है, यह केवल पन्ना प्रमुखों की वजह से ही है। सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि भाजपा सरकार हर वर्ग की खुशहाली की मंशा से विशेषकर कार्य कर रही है। विशेषकर देश के अन्नदाताओं की तरक्की एवं उत्थान की दिशा में बेहतरीन कार्य किए जा रहे है।

उन्होंने कहा कि किसानों की खुशहाली के लिए प्रदेश सरकार एसवाईएल का पानी लाने के लिए पूरी तरह से प्रयासरत्त है, भले ही यह हिमाचल के रास्ते से लाना पड़े, क्योंकि एसवाईएल के पानी से पूरे दक्षिण हरियाणा में पूरा नहरी पानी मिलेगा। धनखड़ ने कहा कि आज भारत और अमेरिका के रिश्ते मोदी की कुशल नीतियों की वजह से चरम सीमा पर पहुंचे हैं पूरे अमेरिका में मोदी मोदी का गुणगान हो रहा है अमेरिका से विभिन्न प्रकार के आर्थिक और सामरिक समझौते हुए है, जिनसे देश को आगामी समय में नई दिशा मिलेगी। यही नहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सशक्त हो रहा है तथा अब दुनिया के विकसित देश भी भारत की तरफ उम्मीद भरी निगाहों से देखते हैं। उन्होंने कहा कि आज हम विश्व की पांचवी सबसे बड़ी आर्थिक व्यवस्था हैं, आने वाले समय में हमारी व्यवस्था अव्वल होगी।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष शंकर धूपड़, प्रदेश उपाध्यक्ष ठाकुर विक्रम सिंह, जिला महामंत्री बृजपाल सिंह तंवर, हर्षवर्धन मान, शिव कुमार पाराशर, जिला मीडिया प्रभारी रोहताश चौहान, सुनील डावर, कमल फौजी, सभी मंडल अध्यक्ष राजू, बबलू, अशोक खलेरा व विजय शर्मा सहित अनेक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

WE R NEWS के YouTube चैनल को देखने के लिए क्लिक करें